Chhattisgarh
Trending

भोपाल में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

16 05 2023 tl collecter news

ईश्वर नगर के अमूल्य गार्डन में बना रेस्टोरेंट जमींदोज; अवैध तरीके से शराब बिक रही थी
भोपाल (3-6-2023)। राजधानी भोपाल में शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अमले ने बावडिय़ाकलां ब्रिज के पास ईश्वर नगर स्थित अमूल्य गार्डन में बड़ी कार्रवाई की। यहां अवैध तरीके से संचालित हो रहे रेस्टोरेंट को जमींदोज कर दिया गया। रेस्टोरेंट में अवैध तरीके से शराब बिक रही थी और ग्राहकों को पिलाई भी जा रही थी। आबकारी विभाग का अमला यहां कार्रवाई कर चुका है। बावजूद अवैध गतिविधियां नहीं रुकी। इस पर शनिवार को प्रशासन एक्शन में आया।
आबकारी अधिकारी सजेंद्र मोरी ने बताया कि इस जगह पर रेस्टोरेंट बनाकर शराब का अवैध तरीके से व्यापार और वितरण हो रहा था। कई बार आबकारी अमले ने छापा मारकर अवैध शराब पिलाते हुए पकड़ा और चालानी कार्रवाई की थी, लेकिन संचालक ने बिना लाइसेंस के शराब पिलाना और बिक्री जारी रखा। तीन दिन पहले भी अवैध रूप से शराब पार्टी होते हुए पाई गई थी। जिस पर नोटिस जारी किया गया था। उक्त गार्डन दिल्ली निवासी अम्या कुमार दत्ता की जमीन पर बना है। जिसे विजय कुमार मिश्रा ने किराए पर ले रखा था और यहां रेस्टोरेंट/ढाबा चलाया जा रहा था। इस ढाबे में शराब का अवैध विक्रय, शराब पिलाना और अन्य गतिविधियां हो रही थीं।
लाइसेंस भी नहीं था, दस्तावेज पेश नहीं किए
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस रेस्टोरेंट पर अवैध रूप से शराब का पिलाना और बिक्री संबंधी सूचना मिलती रही थी। कई बार छापा मारने पर शराब की पार्टी होती पाई गई। जिस पर नोटिस जारी किया गया था। लगातार शराब पार्टी इस जगह पर हो रही थी। जिसका कोई वैध लाइसेंस भी संचालक के द्वारा नहीं लिया गया था। अमूल्य गार्डन स्थित रेस्टोरेंट के पास अन्य व्यवसायिक गतिविधियों और निर्माण की अनुमति भी नहीं थी। अधिकारियों ने जब दस्तावेज मांगे तो किसी प्रकार के कागजात और अनुमति संचालक और मैनेजर ने प्रस्तुत नहीं की।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
सुबह 11 बजे से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। ताकि, किसी प्रकार के हंगामा होने पर सख्ती से निपटा जा सके। एसडीएम क्षितिज शर्मा, तहसीलदार मनीष शर्मा समेत पुलिस और आबकारी विभाग का अमला भी मौजूद रहा।

?s=32&d=mystery&r=g&forcedefault=1
Shelendra Shrivas

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button