Atiq Ahmed LIVE Updates: प्रयागराज कोर्ट में अतीक अहमद पर फैसला आज, अदालत में सिर्फ उमेश पाल मामले की होगी सुनवाई

उमेश पाल अपहरण केस में प्रयागराज के एमपी-एमएलए कोर्ट का फैसला मंगलवार को आना है। इसके लिए माफिया अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा में गुजरात की साबरमती जेल से उत्तर प्रदेश लाया गया है। अतीक के अलावा बरेली जेल में बंद उसके भाई अशरफ को भी प्रयागराज लाया गया है। मंगलवार की सुबह 11 बजे एमपी-एमएलए कोर्ट में मामले पर सुनवाई होगी। प्रयागराज के जिला बार असोसिएशन ने बताया है कि मंगलवार को अतीक वाले मामले के अलावा किसी और मुकदमे की सुनवाई नहीं होगी। इसके अलावा, इस मसले पर फैसले की तारीख भी मुल्तवी नहीं की जाएगी और मंगलवार को ही कोर्ट इस पर अपना निर्णय दे देगी।
गुजरात से लेकर आई पुलिस
बीते दिनों कोर्ट ने उमेश पाल अपहरण केस की सुनवाई में अतीक अहमद को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। इसके बाद प्रयागराज की पुलिस गुजरात के साबरमती जेल पहुंच गई थी। अतीक को कड़ी सुरक्षा में उत्तर प्रदेश लाया गया, जहां मंगलवार को उसे एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अतीक अहमद पर साल 2006 में पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या के गवाह उमेश पाल को अगवा कर धमकाने और मारने-पीटने का आरोप है। बीते दिनों प्रयागराज में दिनदहाड़े उमेश पाल की भी हत्या कर दी गई। अतीक इस मामले में भी नामजद आरोपी है।



