छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर में SECL के रिटायर्ड कर्मचारी का मोबाइल हैक, Flipkart पर तीन ट्रांजेक्शन कर खाते से उड़ाए ₹1.39 लाख, पुलिस ने दर्ज किया केस

बिलासपुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने SECL के 66 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 1.39 लाख रुपए निकाल लिए। ठगों ने पहले रकम क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर की और फिर Flipkart पर तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए भुगतान कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल ने काम करना किया बंद, खाते से गायब हुए पैसे

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। राजकिशोर नगर के कल्याण बाग निवासी भक्तिमय चौधरी SECL के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इस दौरान मोबाइल ऑपरेट नहीं हो रहा था।

शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपने बैंक का मोबाइल ऐप चेक किया तो खाते से दो बार में 65 हजार और 73 हजार रुपए निकाले जाने की जानकारी मिली। इस तरह कुल 1.38 लाख रुपए की रकम खाते से निकल गई।

क्रेडिट कार्ड के जरिए Flipkart को किया भुगतान

पीड़ित ने उसी रात साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, रकम वापस नहीं मिली। अगले दिन वे बैंक पहुंचे और तारबाहर स्थित साइबर क्राइम ब्रांच में भी शिकायत की। इस दौरान उन्होंने बैंक स्टेटमेंट निकलवाया।

साइबर सेल की जांच में सामने आया कि बचत खाते से निकाली गई रकम पहले उनके क्रेडिट कार्ड में जमा की गई। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 40,918 रुपए, 65 हजार रुपए और 32 हजार रुपए के तीन ट्रांजेक्शन किए गए। इन भुगतानों के जरिए Flipkart Internet Private Limited को रकम भेजी गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मोबाइल हैकिंग और क्रेडिट कार्ड के जरिए किए गए संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button