पंडरिया दशहरा उत्सव में पहुंचीं भावना बोहरा: बोलीं- श्रीराम के आदर्शों पर चलकर समाज में आएगा बदलाव, जनसेवा हमारा संकल्प

पंडरिया, 21 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर माँ महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की भव्यता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए आयोजन समिति एवं नगरवासियों को बधाई दी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता महिमा दास और गायक नवीन साहू ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्सव में हजारों की संख्या में नगर एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया।
विजयादशमी सत्य, धर्म और मर्यादा की जीत का प्रतीक
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन में वास्तविक जीत सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने से प्राप्त होती है। प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श हमें सिखाते हैं कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से कभी विमुख नहीं होना चाहिए। यह पर्व अपने भीतर की बुराइयों को पहचानने, अहंकार का त्याग करने और समाज में प्रेम, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन और उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह अपने आचरण का मूल्यांकन करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का भी पर्व है। भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से सिद्ध किया कि मर्यादा, न्याय और जनकल्याण ही आदर्श जीवन के आधार हैं। यदि हम उनके बताए मार्ग पर चलें, तो परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रख सकते हैं। हमारी सांस्कृतिक परंपराएं हमें एकजुट रहने, एक-दूसरे का सम्मान करने और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती हैं।

पंडरिया विधानसभा का सर्वांगीण विकास जनसेवा का संकल्प
भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। इसी भावना के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में सड़कों का विस्तार हो रहा है, वनांचल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंच रही हैं, अधोसंरचना निर्माण कार्यों को गति मिल रही है और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगें पूरी की जा रही हैं। साथ ही आम जनता की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद सुशासन, जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए काम किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि पंडरिया विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े तथा क्षेत्र में समृद्धि, सुविधाओं और खुशहाली का विस्तार हो।
निःशुल्क बस सेवा से लेकर साइंस पाठशाला तक, क्षेत्र में मिल रहीं नई सुविधाएं
विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनसेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से बेटियां शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के जरिए युवा अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, भावना दीदी की साइंस पाठशाला के माध्यम से शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी ड्रोन उड़ाने के साथ रोबोटिक्स और आधुनिक शिक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आठ निःशुल्क एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से हजारों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता मिल रही है। वहीं, मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के जरिए लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
भावना बोहरा ने कहा कि ये सभी सेवाएं और सुविधाएं पंडरिया विधानसभा के लोगों के प्रति उनके विश्वास और समर्पण का प्रतीक हैं। क्षेत्रवासियों ने उन्हें सेवा का अवसर प्रदान किया है, इसलिए उनकी प्राथमिकता जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी तथा अपने संकल्पों और कर्तव्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



