छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौत बनकर दौड़े वाहन: 4 सड़क हादसों में 9 की जान गई, कांकेर में गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रायगढ़, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। रायगढ़, सरगुजा, कांकेर और जशपुर में हुए इन हादसों ने सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं बाइक सवार खड़े ट्रक से जा टकराए, तो कहीं ट्रेलर, कार और यात्री बस की टक्कर से लोगों की जान चली गई। हादसों के बाद कांकेर और जशपुर में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध जताया।

रायगढ़ में दो हादसे, तीन लोगों की मौत

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में अस्पतालपारा के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बाइक पर चार युवक सवार थे, जो मेला देखने छाल जा रहे थे। हादसे में कृष्णा राठिया (15) और जितेंद्र राठिया (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।

एक अन्य घटना में छाल चौक के पास परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे चंद्रदेव सिंह ठाकुर (65) को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

सरगुजा में ट्रेलर की टक्कर से दो नाबालिगों की मौत

सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर ट्रेलर की टक्कर से दो नाबालिग बाइक सवारों की मौत हो गई। सोनतराई निवासी पवन मांझी (16) और सूर्यकांत पैकरा (15) दशहरा कार्यक्रम देखकर लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे कारबेल बिजली टॉवर के सामने सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दो बाइकों के हैंडल टकराए, एक युवक की गई जान

सरगुजा के उदयपुर थाना क्षेत्र में खोंधला मोड़ के पास दो बाइकों के हैंडल आपस में टकरा गए। इससे एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और सवार घिसटते हुए सड़क किनारे पेड़ के ठूंठ से टकरा गए। हादसे में परसादी दास (29) की मौत हो गई, जबकि राजाराम (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

कांकेर में कार ने दो युवकों को कुचला, हाईवे पर चक्काजाम

कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे सड़क पार कर रहे ऋषि कोर्राम (21) और नवीन कुमार यादव (18) को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर ओवरब्रिज बनाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से हाईवे खोदने का प्रयास भी किया, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।

सरपंच मनोज कवाची ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

जशपुर में यात्री बस की टक्कर से ग्रामीण की मौत

जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम ढोण्डराही निवासी सुखसागर राम (36) बाइक से रनपुर जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुखसागर राम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश में जुटी है।

लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटनास्थलों पर जरूरी इंतजामों की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button