
जशपुर, 03अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महज ₹1000 के बकाया पैसे को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले दोस्त को कार में बैठाकर जंगल ले गया, जहां विवाद के बाद लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में गहरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा, मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने कपड़ों को अलग-अलग नदियों में फेंक दिया। कार पर लगे खून के छींटों को भी नदी के पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
जंगल में मिली थी अज्ञात युवक की लाश
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे लोअर पहन रखा था। उसके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान और खून मिला था।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की।
जांच में दोस्त पर हुआ शक
पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ और जांच के बाद मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास (29) के रूप में की। राजेश खेती-किसानी करता था। जांच के दौरान पुलिस को उसके दोस्त कृष्णा उर्फ कैलाश यादव, निवासी झगरपुर, पर शक हुआ।
पूछताछ में पुलिस को हत्या की वजह ₹1000 का बकाया सामने आया।
₹6000 का मोबाइल, ₹5000 दिए थे
पुलिस के अनुसार, आरोपी कैलाश ने राजेश को ओप्पो कंपनी का सेकंड हैंड मोबाइल ₹6000 में बेचा था। राजेश ने ₹5000 का भुगतान कर दिया था, जबकि ₹1000 बाकी थे। इसी बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
23 सितंबर को आरोपी राजेश को अपनी कार में बैठाकर जुरगुम जंगल की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतारा और जमीन पर पड़ी लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो वार कर दिए।
गंभीर चोट लगने के बाद राजेश जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। आरोपी ने शव को जंगल में एक गहरी जगह पर फेंक दिया।
सबूत मिटाने के लिए नदी में फेंके सामान
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और राजेश का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया। घटना के समय पहने अपने कपड़े डोड़की नदी में फेंक दिए।
इसके अलावा आरोपी ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को नदी के पानी से धोया, ताकि कार पर लगे खून के निशान मिटाए जा सकें। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार को उसके घर से बरामद कर लिया है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद कैलाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ASP राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, मामले में हत्या की धारा 103(1) BNS के साथ सबूत मिटाने के प्रयास के आरोप में धारा 238 BNS भी जोड़ी गई है।
आरोपी को थाने से बाहर ले जाते समय उसके हंसते हुए नजर आने का वीडियो भी सामने आया है।



