छत्तीसगढ़

मरकाटोला घाट हादसे में घायलों से मिले विजय शर्मा: अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, डॉक्टरों को बेहतर इलाज के दिए निर्देश

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट पर हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से मिलने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी उपचार और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। परिजनों ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था पर संतुष्टि जताई।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्थिति और आगे के उपचार की जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि घायल के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर विजय शर्मा ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अस्पताल सुपरिटेंडेंट डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हादसे के बाद लगातार ले रहे उपचार की जानकारी

उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद से ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा लगातार घायलों के उपचार की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराया जा रहा है।

घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

चार घायल अस्पताल से डिस्चार्ज

इस बीच स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद हादसे में घायल अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button