CG WEATHER ALERT : छत्तीसगढ़ में आज भी जमकर बरसेंगे बादल, कई संभागों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
बीते 30 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है और बारिश का दौर अभी भी जारी है।
इन संभागों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है।
भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
बीते 24 घंटों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। जगदलपुर में सबसे ज्यादा 25 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा लोहंडीगुड़ा में 23, बास्तानार और नानगुर में 22, भनपुरी और मदार्पाल में 21 सेंटीमीटर बारिश हुई।
तोकापाल और माकड़ी में 20, बस्तर और केशकाल में 19, बचेली में 18, देवभोग में 17 तथा कोहकामेटा में 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर बारिश हुई। नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
27 सितंबर से बारिश की रफ्तार हो सकती है धीमी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा के ऊपर बना अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम अगले करीब 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रख सकता है। इसके बाद इसके कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
इसके चलते 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।



