
रायपुर, 19 सितम्बर 2026। राजधानी से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में चरित्र शंका और कथित अवैध संबंध के विवाद को लेकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किराएदार ने विवाद के दौरान अपने मकान मालिक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी भाटापारा का रहने वाला है।
पुलिस जांच के अनुसार, पुरुषोत्तम पिछले एक-दो साल से वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। इसी दौरान मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक हुआ। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती थी।
विवाद के बाद गला दबाने का आरोप
घटना वाले दिन भी इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी पुरुषोत्तम ने वेद राम साहू का गला दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद राखी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।



