छत्तीसगढ़

बस्तर में रातभर तेज बारिश, स्कूलों की छुट्टी : नदी-नाले उफने, जगदलपुर में सड़कें जलमग्न, केशकाल घाट में घंटों से वाहनों की लंबी कतार

जगदलपुर, 11 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शुक्रवार को तेज बारिश का दौर जारी है। देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। जगदलपुर समेत आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने शुक्रवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। मानसून द्रोणिका भी निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक विस्तारित है।

प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। शुक्रवार को भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिलों में रहने की संभावना है, जबकि 12 से 14 सितंबर तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने के आसार हैं।

केशकाल घाट में घंटों से जाम

लगातार बारिश के बीच बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन प्रभावित हो गया। कई वाहन चालक और यात्री घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।

दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम खुलवाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जुटी हुई है।

बारिश के कारण बस्तर के निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button