छत्तीसगढ़

SLRM सेंटर में अधिकारी का ‘डिस्को डांसर’ पर डांस VIDEO: गमछा बांधकर कर्मचारियों संग पार्टी, आयुक्त ने मांगा जवाब

दुर्ग-भिलाई, 03 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ के भिलाई में जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी कुछ कर्मचारियों के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान अधिकारी कमर में गमछा बांधकर और चश्मा लगाकर फिल्मी गाने ‘आई एम अ डिस्को डांसर’ पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो को लेकर सेंटर परिसर में शराब पार्टी और आपत्तिजनक गतिविधियां होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है।

वीडियो वायरल होने के बाद निगम ने मांगा जवाब

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है।

नोटिस में सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां आयोजित किए जाने को लेकर जवाब मांगा गया है। संबंधित अधिकारी से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि परिसर में पार्टी किसकी अनुमति से की गई और सरकारी कार्य के लिए निर्धारित स्थान पर ऐसी गतिविधियां क्यों हुईं।

कर्मचारियों के साथ डांस करते दिखे अधिकारी

वायरल वीडियो में अधिकारी और कुछ कर्मचारी सेंटर परिसर में बैठे नजर आते हैं। इसी दौरान फिल्मी गाना बजता है और अधिकारी कमर में गमछा बांधकर डांस करने लगते हैं। उनके साथ मौजूद कुछ कर्मचारी भी डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कार्यस्थल पर कर्मचारियों के इस तरह पार्टी करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

SLRM सेंटर में होता है कचरे का प्रबंधन

SLRM सेंटर शहर से निकलने वाले कचरे के प्रबंधन से जुड़े होते हैं। यहां ठोस और गीले कचरे को अलग करने, उसके प्रसंस्करण और आगे भेजने का काम किया जाता है। सेंटर में नगर निगम के कर्मचारी और सफाई व्यवस्था से जुड़े लोग काम करते हैं।

ऐसे में कार्यस्थल पर पार्टी और कथित तौर पर शराब के इस्तेमाल के आरोपों ने निगम प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

जांच के बाद तय होगी कार्रवाई

निगम प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारी से तय समय में जवाब मांगा गया है। अब उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल निगम प्रशासन की जांच और संबंधित अधिकारी के जवाब का इंतजार है।

इससे पहले अस्पताल की महिला टेक्नीशियन ने बनाई थी रील

दुर्ग-भिलाई में सरकारी कार्यस्थल पर वीडियो बनाने और लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेते समय तीन महिला टेक्नीशियनों ने रील बनाई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले में कार्रवाई की गई और HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया था।

अब SLRM सेंटर के वायरल वीडियो के मामले में भी निगम प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button