
रायपुर, 24 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र (AGCH-221) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया (38) है। वह पिछले करीब एक वर्ष से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था। 17 अगस्त को उसने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी प्रोफेसर ने 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा के प्रश्नपत्र का लिफाफा अपने घर ले जाकर सुई और नुकीले औजार से उसमें छोटा छेद किया। इसके बाद मोबाइल कैमरे से प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की और अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को यह लीक कंटेंट 11 हजार रुपये में बेच दिया। इसके बाद प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो गया।
परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले 20 अगस्त की सुबह कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी मिली। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन. आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में 100 से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया। रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में छापेमारी के साथ साइबर टीम ने व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी दौरान दुर्ग निवासी छात्र अनुज मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा और फेविकोल समेत अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5, 10 और बीएनएस की धारा 316 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में योगेश सोनकेसरिया (प्रोफेसर), अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं। सभी के संबंध में पुलिस ने उनके मूल और वर्तमान निवास की जानकारी भी दर्ज की है। मामले में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।



