छत्तीसगढ़

धमतरी में शव दफनाने पर बवाल: ग्रामीणों ने श्मशान घाट का रास्ता किया बंद, हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार पर बनी सहमति

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के श्यामतराई गांव में शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक महिला के शव को दफनाने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। ग्रामीणों ने श्मशान घाट के रास्ते पर बांस लगाकर घेराबंदी कर दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि मृतिका गीता साहू पिछले कई वर्षों से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला हिंदू मान्यताओं और देवी-देवताओं को नहीं मानती थीं और रामपाल पंथ को मानने की बात कही जा रही थी। इसी आधार पर ग्रामीणों ने शव को गांव की जमीन पर दफनाने का विरोध किया।

शव दफनाने पहुंचे परिजन, ग्रामीणों ने किया विरोध

मृतिका के परिजन जब शव को दफनाने के लिए लेकर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ही अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया।

पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची

विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद मृतिका के परिजन हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए

सहमति बनने के बाद विवाद शांत हुआ और फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button