अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ यात्रा: विधायक भावना बोहरा 10 अगस्त से करेंगी पदयात्रा, 16 अगस्त को होगा जलाभिषेक

पंडरिया, 08 अगस्त 2026
पंडरिया विधायक भावना बोहरा विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा निकालेंगी। यह धार्मिक यात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे मध्यप्रदेश के अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर प्रांगण से शुरू होगी, जो 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।
विधायक भावना बोहरा मां नर्मदा की पावन धारा से जल लेकर अमरकंटक से भोरमदेव महादेव मंदिर तक पैदल यात्रा करेंगी। इस दौरान यात्रा के माध्यम से भगवान भोलेनाथ के चरणों में जल अर्पित करने के साथ छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना की जाएगी।

आस्था, सेवा और संकल्प का संदेश
कांवड़ पदयात्रा को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा और जनकल्याण के संकल्प से जोड़ा गया है। आयोजकों के अनुसार, अमरकंटक से भोरमदेव तक होने वाली यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन से भी इस पावन यात्रा में सहभागी बनने की अपील की गई है। आयोजन से जुड़े लोगों ने कहा कि मां नर्मदा के जल से भगवान भोरमदेव का जलाभिषेक आस्था और संकल्प का विशेष प्रतीक होगा।
10 अगस्त से शुरू होने वाली यह यात्रा 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ पूर्ण होगी। विधायक भावना बोहरा ने लोगों से इस आध्यात्मिक यात्रा को अपना आशीर्वाद, सहयोग और समर्थन प्रदान करने का आह्वान किया है।
#जनसेवा_ही_भावना | #बोल_बम_भावना_दीदी_संग



