खेलछत्तीसगढ़
Trending

वीडियो कॉल पर अरुण साव ने बढ़ाया हौसला: छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर हॉकी टीम में, चीन में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

बिलासपुर, 07 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से आज एक और बड़ी खुशखबरी आई है। बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। ये दोनों चीन के मोकी में आगामी 30 अगस्त से 13 सितम्बर तक होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और दम दिखाएंगी।

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गीता यादव और मधु सिदार से वीडियो-कॉल पर बात कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को जूनियर एशिया कप हॉकी में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की भी जानकारी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयनित ये दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

ऐसा रहा टीम इंडिया तक दोनों खिलाड़ियों का सफर

मधु सिदार

मधु सिदार हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले जशपुर जिले के कांसाबेल के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली हैं। उनके माता-पिता कृषक हैं। वह सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में भाग ले चुकी हैं। उनकी टीम ने आंध्र प्रदेश में 1 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया था। मधु इस वर्ष मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी खेल चुकी हैं। वह अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

गीता यादव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया है। गीता के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई, जब उन्होंने 12 नवम्बर से 21 नवम्बर 2024 तक नीदरलैंड और बेल्जियम टूर में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना टूर और 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड एवं स्कॉटलैंड टूर में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button