छत्तीसगढ़रायपुर

चलती होंडा शाइन बनी आग का गोला, युवक ने कूदकर बचाई जान; रायपुर के भाठागांव में सड़क पर मची अफरा-तफरी

रायपुर, 03 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती हुई होंडा शाइन बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक चला रहे युवक ने समय रहते वाहन रोककर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, युवक भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही सेकेंड में आग की तेज लपटों ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी बाइक धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है। राहगीरों द्वारा बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस और अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि यदि वाहन से धुआं, जलने की गंध या किसी प्रकार की तकनीकी खराबी महसूस हो तो तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और संबंधित विभाग को सूचना दें। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button