कटघोरा में अटलजी की प्रतिमा में गड़बड़ी: जांच में उखड़ी परतें और मानकों से समझौता, उप अभियंता निलंबित

रायपुर, 01 अगस्त 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका स्थित अटल परिसर में स्थापित कांस्य प्रतिमा के मानकों के अनुरूप नहीं होने पर उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने संचालनालय से आज उनके निलंबन का आदेश जारी किया है।
कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित भारतरत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा से संबंधित शिकायतों पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जांच प्रतिवेदन में बताया गया है कि प्रतिमा निर्माण कार्य प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत किया गया। प्रतिमा के विभिन्न भागों से परत उखड़ने, सतत क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी माना गया। उनके इस कृत्य को पदीय कर्तव्यों के विपरीत मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान चन्द्र प्रकाश जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।



