अपराधछत्तीसगढ़बिलासपुर

भीख मांगने के बहाने घर में घुसे चोर: बिलासपुर में मोबाइल-पर्स लेकर फरार, CCTV में दंपति और बच्चा कैद, पुलिस तलाश में जुटी

बिलासपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भीख मांगने की आड़ में चोरी करने वाले गिरोह की सक्रियता सामने आई है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी करते हैं और मौका मिलते ही घर में घुसकर मोबाइल, पर्स समेत कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा निवासी सुनील बाटवे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि भीख मांगने के बहाने कुछ लोग उनके घर के आसपास पहुंचे और मौका देखकर घर में घुस गए। इस दौरान आरोपियों ने मोबाइल और पर्स चोरी कर लिया तथा फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही शहर में सक्रिय ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की अपील भी की है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध

पुलिस को जांच के दौरान घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। फुटेज में एक दंपति और उनके साथ एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यही लोग वारदात में शामिल हो सकते हैं।

जांच में जुटी पुलिस

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। साथ ही शहर में सक्रिय ऐसे अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button