छत्तीसगढ़
Trending

राजस्व मामलों में देरी पर सख्त हुए टंक राम वर्मा: बोले- नामांतरण और बंटवारा समय पर करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

रायपुर/धमतरी। छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने राजस्व मामलों में देरी पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। धमतरी कलेक्टोरेट में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे जनहित के मामलों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने 5 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और 5 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

बैठक में मानसून और संभावित बाढ़ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी रखी जाए, राहत एवं बचाव दल पूरी तरह अलर्ट रहें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग को नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले की विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 200 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल, नेत्र एवं ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा सड़क, ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर, रेलवे, औद्योगिक पार्क और पर्यटन विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट अगले दो वर्षों में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक के अंत में मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button