
दंतेवाड़ा, 24 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पूर्व सरपंच ने अपनी दूसरी पत्नी की कथित तौर पर चरित्र पर शक होने के कारण बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पहले पत्नी को शराब पिलाई, फिर घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया। करीब 6 दिन बाद जब शव सड़ने लगा और इलाके में बदबू फैल गई, तब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान झुमकी कुंजाम (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति लक्ष्मण कुंजाम (36) है, जो पहले सरपंच रह चुका है। दोनों मूल रूप से गोंदपाल गांव के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दंतेवाड़ा के कतियाररास में रह रहे थे।
अफेयर के शक में हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 17 जुलाई को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ। आरोप है कि उस समय आरोपी शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से पत्नी पर हमला कर उसका गला काट दिया। वारदात के बाद उसने शव को घर के पीछे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
6 दिन तक घर के पीछे पड़ा रहा शव
घटना के बाद महिला का शव करीब छह दिनों तक घर के पीछे पड़ा रहा। शव पूरी तरह सड़ने लगा, उसमें कीड़े पड़ गए और आसपास तेज दुर्गंध फैलने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पति हिरासत में, पूछताछ जारी
जांच के दौरान पुलिस का शक सबसे पहले पति पर गया, क्योंकि घटना के बाद से वह गांव से गायब था। पुलिस ने तलाश कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है। उसने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पहली पत्नी की हो चुकी थी मौत
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुंजाम की पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं। बाद में उसने झुमकी कुंजाम से दूसरी शादी की थी। घटना के समय बच्चे घर में मौजूद नहीं थे। वहीं, मृतका के परिजनों ने भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
एएसपी आर.के. बर्मन ने बताया कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



