
रायपुर, 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव देखने को मिलेगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन का घेराव करने का ऐलान किया है। कार्यक्रम को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं। दोनों दलों की तैयारियों के बीच शंकर नगर और आसपास के इलाकों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव कर बिना किसी मुद्दे के अराजकता फैलाने का प्रयास किया था। इसके विरोध में भाजयुमो ने राजीव भवन घेराव का कार्यक्रम रखा है और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उधर, भाजपा के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही कांग्रेस संगठन भी सक्रिय हो गया है। पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संदेश जारी कर अंबेडकर चौक पर होने वाले पुतला दहन कार्यक्रम के बाद सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
स्थिति को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, बीटीआई मैदान से अनुपम नगर चौक होते हुए दूरदर्शन कार्यालय और राजीव भवन तक प्रस्तावित घेराव के दौरान इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा और कुछ समय के लिए आवाजाही आंशिक रूप से बाधित हो सकती है।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। खम्हारडीह, कचना, एसआरपी चौक और अशोका रतन क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को शंकर नगर एक्सप्रेस-वे, बॉटल हाउस गली, अवंति विहार, लोधीपारा चौक और डॉ. पहलाजानी गली जैसे वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों का उपयोग करें, वैकल्पिक रास्तों को प्राथमिकता दें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



