बलरामपुर में हेडमास्टर मर्डर के बाद बवाल, परिजनों ने आरोपियों का घर फूंका; पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

बलरामपुर, 20 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक हेडमास्टर की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जमीन विवाद में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा हालात पर काबू पाया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के घमनी गांव निवासी जय करण सिंह जगते शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनके चचेरे भाई बृजमोहन जगते (26) और हरिमोहन जगते (23) ने उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच पहले से चल रहे जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से जय करण सिंह जगते पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार किए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इधर, हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि घर के साथ वहां खड़ा एक दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।



