छत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, लो प्रेशर सिस्टम से अगले 3 दिन भारी बारिश के संकेत, कई जिलों में चेतावनी

रायपुर, 17 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने सुचिह्नित निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र के असर से प्रदेशभर में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने के साथ अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

गुरुवार को यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर, चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा समरी में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर, दौरा कोचली, कोटा, मरवाही, अंबिकापुर और अन्य कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। अगले 72 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button