194 निकायों के लिए बड़ी राहत: Arun Sao की मंजूरी से 58.43 करोड़ जारी, अतिवृष्टि से निपटने की तैयारी भी मजबूत

रायपुर, 13 जुलाई 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी 194 नगरीय निकायों को विभिन्न मदों में कुल 58 करोड़ 43 लाख 14 हजार रुपए आबंटित किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने सभी निकायों को राशि आबंटन के आदेश जारी कर दिए हैं।
विभाग ने प्रदेश के 14 नगर निगमों को 27 करोड़ 82 लाख 45 हजार रुपए, 56 नगर पालिकाओं को 18 करोड़ 71 लाख 39 हजार रुपए तथा 124 नगर पंचायतों को 11 करोड़ 89 लाख 30 हजार रुपए आबंटित किए हैं। अनिवार्य निधि, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, यात्री कर, बार तथा मुद्रांक मद के अंतर्गत यह राशि जारी की गई है।
विभाग के अनुसार, इस राशि से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी। साथ ही लंबित भुगतानों के निपटारे, मरम्मत एवं संधारण कार्यों और अतिवृष्टि जैसी आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में भी सहायता मिलेगी।



