छत्तीसगढ़
Trending

CG विधानसभा मानसून सत्र आज से: तीजन बाई को श्रद्धांजलि के साथ होगी शुरुआत, 5 दिनों में 8 विधेयक होंगे पेश

रायपुर, 13 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल 5 बैठकें आयोजित होंगी, जबकि सदन में 8 विधेयक पेश किए जाएंगे। पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत हाल ही में दिवंगत हुईं पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग की वार्षिक लेखा रिपोर्ट 2024-25 और विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 से जुड़े दस्तावेज भी रखेंगे।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सदन में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VBGRAM-G) योजना से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र में पूछे गए प्रश्नों के लंबित उत्तरों का संकलन भी प्रस्तुत किया जाएगा।

सदन की कार्यवाही के दौरान वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।

मानसून सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक और विभागीय प्रतिवेदन पेश किए जाएंगे। विपक्ष भी विभिन्न जनहित और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जिससे आगामी पांच दिनों तक सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button