
रायपुर, 10 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को निगम की टीम पंडरी स्थित प्रकाश होजियरी होलसेल दुकान पहुंची, जहां नाली पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली को पाटकर उस पर स्थायी निर्माण कर लिया था। इससे न केवल सार्वजनिक नाली पर कब्जा हो गया, बल्कि उसकी नियमित सफाई भी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय बस्तीवासियों ने इस संबंध में नगर निगम से शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि नाली ढंकी होने के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होती है, जिससे आसपास की बस्ती में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक नालियों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाली पर किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध था, जिसे नियमानुसार हटाया गया है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में जहां-जहां सार्वजनिक संपत्ति, नालियों या सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे किए गए हैं, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। निगम ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर की जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



