
रायपुर, 06 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्ची की मौत के बाद एक निजी मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का दावा है कि मेकाहारा गेट के पास स्थित मेडिकल स्टोर से खरीदे गए एक्सपायरी मिल्क पाउडर का दूध पिलाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, दलदल सिवनी निवासी चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त मात्रा में नहीं आने पर डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर देने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को मेकाहारा गेट के पास स्थित मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा गया।
दूध पिलाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों का आरोप है कि दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया। दो दिन तक इलाज चलने के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई।
डॉक्टर ने दिखाई एक्सपायरी डेट, फिर मचा हड़कंप
परिवार का दावा है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि बच्ची की हालत खराब होने की आशंका एक्सपायरी उत्पाद से जुड़ी हो सकती है। इसके बाद परिजन मेडिकल स्टोर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
‘डिब्बा छीनकर दूसरा दे दिया’
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मेडिकल स्टोर पहुंचने पर संचालक और कर्मचारियों ने उनके हाथ से कथित एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा थमा दिया। इसके बाद उन्होंने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने भेजा नोटिस, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश
सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सीएमएचओ कार्यालय को जांच के लिए पत्र भेजा गया है। मामले से जुड़े सभी पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रोडक्ट खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
- खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।
- हमेशा पक्का बिल लें और उसे सुरक्षित रखें।
- पैकेजिंग टूटी या संदिग्ध लगे तो प्रोडक्ट न खरीदें।
- एक्सपायरी या बिना तारीख वाले उत्पाद की तुरंत शिकायत करें।
- किसी भी खाद्य या शिशु उत्पाद का उपयोग करने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें।



