छत्तीसगढ़
Trending

पंडरिया में ‘आम महोत्सव’ से साधी युवा शक्ति: भावना बोहरा बोलीं—संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता, संवाद से बढ़ता है विश्वास

पंडरिया, 03 जुलाई 2026

पंडरिया विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में 3 जुलाई को भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा आयोजित “आम महोत्सव–2026” कनक भवन, पंडरिया में उत्साह, उमंग और संगठनात्मक आत्मीयता के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में युवा साथियों ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में युवाओं के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं, समूह खेलों, संवाद सत्रों एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया। आयोजन के दौरान सभी ने आम की विभिन्न किस्मों एवं स्वादों का आनंद लिया। भारी बरसात के बावजूद भी युवाओं में उत्साह देखने को मिला और सभी ने ग्रुप गेम्स में पूरी ऊर्जा के साथ सहभागिता करते हुए पुरस्कार भी जीते।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा सामर्थ्य उसके समर्पित कार्यकर्ता और ऊर्जावान युवा हैं। संगठन तभी सशक्त बनता है, जब कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद, विश्वास और पारिवारिक वातावरण विकसित होता है। “आम महोत्सव–2026” इसी भावना को सुदृढ़ करने का एक सार्थक प्रयास है।

उन्होंने कहा कि युवा केवल राजनीतिक परिवर्तन के वाहक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने, संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने तथा सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाज के बीच कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। भाजपा का संगठन परिवार की भावना से कार्य करता है। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, संवाद और अपनत्व ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को समाज सेवा, राष्ट्रहित और संगठन की विचारधारा से निरंतर जोड़ा जाएगा।

भावना बोहरा ने आगे कहा कि फलों का राजा कहे जाने वाला आम भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यह केवल एक फल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में आम के पेड़ का अत्यंत महत्व है। आम की पत्तियों और सूखी लकड़ियों का भी हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। हमारे घरों में मांगलिक कार्य होने पर हम आम की पत्तियों से तोरण बनाते हैं एवं आम की सूखी लकड़ियों का उपयोग हवन एवं पूजा में करते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, संरक्षण और संतुलित जीवन का संदेश देती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी प्रेरित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से प्रकृति संरक्षण तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और किसानों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भी भाजपा युवा मोर्चा के साथियों का विशेष योगदान रहा है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहे, बल्कि समाज, राष्ट्र और अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए भी अपनी ऊर्जा समर्पित करे। सेवा, समर्पण, संगठन और संस्कार भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली की आधारशिला हैं और युवा पीढ़ी इन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने कहा कि “आम महोत्सव–2026” ने यह संदेश दिया कि संगठन की मजबूती आपसी संवाद, सहभागिता, आत्मीयता और साझा अनुभवों से निर्मित होती है। जब कार्यकर्ता एक साथ बैठते हैं, सीखते हैं, आनंद साझा करते हैं और भविष्य की दिशा पर विचार करते हैं, तब संगठन नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ता है। यह आयोजन केवल एक महोत्सव नहीं था, बल्कि युवा शक्ति के सम्मान, संगठनात्मक संस्कृति के विस्तार और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल थी।

भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संगठनात्मक दायित्वों के प्रति प्रेरित करने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा पंडरिया विधानसभा के समस्त पदाधिकारियों और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अमित चंद्रवंशी, थानेश्वर जायसवाल, भाजपा अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष महेंद्र धृतलहरे, युवा मोर्चा के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button