बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: कैप्सूल वाहन की टक्कर से शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत

बलौदाबाजार, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34), निवासी खोरसीनाला लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25), निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और पलारी थाना क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार रात बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम घोटिया के पास कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कैप्सूल वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।



