मासूम की जान लेने के बाद पुलिस को भी नहीं छोड़ा: ट्रक से बैरिकेड रौंदे, महाराष्ट्र बॉर्डर तक मचा हड़कंप

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को हिट एंड रन का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। गुंडरदेही गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और पुलिस को रोकने की कोशिश करने पर बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस टीम को भी रौंदने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने ट्रक की रफ्तार कम नहीं की और बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे निकल गया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद मानपुर थाना के सामने भी पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी चालक ने वहां भी बैरिकेड्स तोड़ दिए और महाराष्ट्र सीमा की ओर भागने लगा। पुलिस लगातार उसका पीछा करती रही।
भागने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया। इसके बाद पुलिस ने कोरकोट्टी गांव के पास आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाही से वाहन चलाने तथा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



