अपराधछत्तीसगढ़रायपुर

मोतीबाग गार्डन में खून-खराबा: निगम कर्मचारी पर जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आया दोस्त भी घायल

रायपुर, 26 जून 2026

राजधानी रायपुर के मोतीबाग गार्डन में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान नगर निगम के एक कर्मचारी पर तीन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त को भी चोटें आईं। दोनों को तत्काल मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घायल कर्मचारी का इलाज जारी है।

कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान कृष दीप के रूप में हुई है, जो नगर निगम में हेमाली का कार्य करता है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष सोनी, नवीन सोनी और देव के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और गाली-गलौज हुई थी। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

शुक्रवार सुबह कृष दीप अपने दोस्तों सुमित, आदि और बब्बू के साथ मोतीबाग गार्डन में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी भी वहां आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने हमला कर दिया।

पीछे से पकड़कर किए ताबड़तोड़ चाकू के वार

शिकायत के अनुसार, आरोपी देव ने पहले कृष दीप को पीछे से पकड़ लिया, जबकि हर्ष सोनी और नवीन सोनी ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक के सीने, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

बचाने पहुंचे दोस्त को भी लगी चोट

हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कृष दीप के दोस्त सुमित के हाथ की उंगली पर भी चाकू लग गया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि यदि उसके दोस्तों ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो आरोपी उसकी हत्या कर सकते थे।

फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button