अपराधछत्तीसगढ़

बीमारी नहीं, थी खौफनाक साजिश: 4 माह में 8 मौतों से दहला गांव, आरोपी पर हत्या और हत्या के प्रयास का केस

बलौदाबाजार-कसडोल। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में पिछले चार महीनों के दौरान हुई 8 लोगों की मौतों का रहस्य खुलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने गांव के ही रहने वाले रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों की हत्या और एक व्यक्ति की हत्या के प्रयास का आरोप है।

पुलिस के अनुसार फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में लगातार संदिग्ध मौतें हो रही थीं। शुरुआत में ग्रामीण इन्हें सामान्य या प्राकृतिक मौत मान रहे थे, लेकिन जब मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं लिया तो लोगों का शक गांव के ही एक व्यक्ति पर गया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान सात शवों का उत्खनन कराया गया और मेडिकल व फॉरेंसिक परीक्षण कराए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर चुहा मारने के नाम पर एक जहरीला पदार्थ हासिल किया था। पुलिस का दावा है कि उसने पहले एक कुत्ते पर जहर का परीक्षण किया और उसके बाद गांव के लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

आरोप है कि रामसहाय अपने परिचितों को शराब पीने के लिए बुलाता था और उसमें जहर मिलाकर उन्हें पिला देता था। पुलिस जांच में पुरानी रंजिश, जमीन विवाद, कर्ज, चुनावी मतभेद और पारिवारिक शक जैसे कारण सामने आए हैं। इन्हीं विवादों के चलते आरोपी ने कथित तौर पर एक-एक कर लोगों को अपना शिकार बनाया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी शक से बचने के लिए बेहद चालाकी से काम करता था। वह बीमार पड़ने वाले लोगों को अस्पताल पहुंचाने, उनके इलाज में मदद करने और यहां तक कि अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो।

जांच के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, ग्रामीणों से पूछताछ और कड़ी पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 8 हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। मामले के खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस व्यक्ति के साथ वे रोज उठते-बैठते थे, वही कथित तौर पर मौत का कारण बन गया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button