बहतराई स्पोर्ट्स सेंटर में देरी पर भड़के अरुण साव: अधिकारियों को लगाई फटकार, 15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट

रायपुर, 17 जून 2026। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई का औचक निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों को शीघ्र पूरा करने, सुविधाएं बढ़ाने तथा प्रशिक्षण केंद्र की अधोसंरचना को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी एवं फ्लड लाइट, कबड्डी इण्डोर व आउटडोर मैदान, एच.व्ही.ए.सी. कार्य तथा आउटडोर स्टेडियम के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। हॉस्टल रखरखाव में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से राशि उपलब्ध होने के बावजूद आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय पर नहीं किए जा रहे हैं।
अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मुख्यालय है, लेकिन खिलाड़ियों की सुविधा बढ़ाने वाले कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यपालन अभियंता बी.बी.एस. गौतम को 15 दिनों के भीतर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने वर्ष 2017 से लंबित मैपलवुड फ्लोरिंग कार्य पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। एच.व्ही.ए.सी. कार्य के लिए स्थल निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने तथा डक्टिंग की सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
एस.ई.सी.एल. द्वारा दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे तीरंदाजी मैदान को आगामी जुलाई तक पूरा करने के निर्देश सहायक संचालक ए. एक्का को दिए गए। साथ ही आउटडोर स्टेडियम की हाई मास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।
निर्माणाधीन कबड्डी इण्डोर एवं आउटडोर मैदान के लिए पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र प्राप्त करने तथा स्टेडियम परिसर में अन्य आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। हॉकी मैदान के पैवेलियन में दर्शकों के लिए शौचालयों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बहतराई खेल प्रशिक्षण केन्द्र को उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी उपस्थित थे।



