मुंगेली वन क्षेत्र में तेंदुओं की खूनी लड़ाई: एक की मौत, दूसरा घायल होकर जंगल में भागा

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच हुई खूनी भिड़ंत में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल अवस्था में जंगल की ओर भाग गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लोरमी वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वनक्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे कंचनपुर बैरियर के चौकीदार ने एक तेंदुए का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और रातभर शव की निगरानी की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले जंगल से दो तेंदुओं के आपस में लड़ने की तेज आवाजें सुनाई दी थीं। स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर दोनों वन्यजीवों के बीच संघर्ष हुआ होगा, जिसमें एक नर तेंदुए की जान चली गई।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घायल तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया है। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में वन्यजीव गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



