रायगढ़ स्टेशन का होगा कायाकल्प: अमृत भारत योजना से मिलेगा नया लुक, जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
रायगढ़ रेलवे स्टेशन को जल्द ही पूरी तरह नया और आधुनिक रूप में विकसित किया जाएगा। भारतीय रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के व्यापक सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने रेलवे अधिकारियों, नगर निगम आयुक्त और एसडीएम के साथ स्टेशन परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, प्रतीक्षालय, जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा यानी जुलाई के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रायगढ़ रेलवे स्टेशन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का एक प्रमुख और व्यस्त स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। यह स्टेशन बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से छत्तीसगढ़ आने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार माना जाता है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर आधुनिक वेटिंग हॉल, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, उन्नत बुकिंग काउंटर, आकर्षक प्रवेश द्वार, हरित विकास और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे कई सुधार किए जा रहे हैं। साथ ही बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि रायगढ़ और बेलपहाड़ रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों के लिए कुल 12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
कार्य पूरा होने के बाद रायगढ़ रेलवे स्टेशन न केवल आधुनिक और आकर्षक दिखेगा, बल्कि यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा अनुभव भी मिलेगा।



