हर घर नल से बदली जिंदगी: जल जीवन मिशन ने महिलाओं को दिया सहूलियत, सम्मान और बेहतर सेहत का तोहफा

रायपुर, 11 जून 2026। जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रहा है। घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचने से महिलाओं को अब पानी के लिए रोजाना होने वाली भागदौड़ और संघर्ष से राहत मिली है। मिशन के तहत घरों में नल कनेक्शन मिलने से महिलाओं का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं, वहीं परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बस्तर प्रवास के दौरान तोकापाल विकासखंड के दुगनपाल गांव में जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने घरों में नल से पानी पहुंचने पर अपनी खुशी जाहिर की। ग्रामीण महिला कमली ने बताया कि पहले परिवार के लिए पानी लाने में घंटों समय लग जाता था, लेकिन अब घर में ही पानी उपलब्ध होने से जीवन काफी आसान हो गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर गर्मी के दिनों में महिलाओं को हैंडपंप, कुएं और अन्य जल स्रोतों से दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था। जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल पहुंचने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है। इससे महिलाओं को बच्चों की देखभाल, खेती-बाड़ी और अन्य आजीविका संबंधी कार्यों के लिए अधिक समय मिल रहा है।
प्रदेश में अब तक जल जीवन मिशन के तहत साढ़े आठ हजार से अधिक योजनाएं पूर्ण कर पंचायतों को संचालन के लिए सौंपी जा चुकी हैं। मिशन के जरिए स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता बढ़ने से जलजनित और त्वचा संबंधी बीमारियों के खतरे में भी कमी आई है।
जल जीवन मिशन केवल पेयजल उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सम्मान, सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।



