प्री-बीएड और नर्सिंग एंट्रेंस एग्जाम कल : 2 घंटे पहले पहुंचना होगा सेंटर, ड्रेस कोड तोड़ा तो एंट्री नहीं

बलौदाबाजार, 10 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजीव्यापम) द्वारा प्री बी.एड. और प्री नर्सिंग की परीक्षाएं प्रदेश भर में 11 जून 2026 को आयोजित की जा रही हैं। सीजीव्यापम द्वारा परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने के 2 घंटे पहले पहुँचने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में प्री बी.एड. और प्री नर्सिंग परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। डीके कॉलेज में आयोजित ब्रीफिंग में उन्होंने केंद्र अध्यक्षों, पुलिसकर्मियों और ऑब्जर्वरों को परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने केंद्र अध्यक्षों से कहा कि वे गंभीरता के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करें। प्रशिक्षण देने का उद्देश्य यही है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसलिए ड्यूटी के दौरान पूरा एकाग्रचित्त होकर अलर्ट मोड में काम करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए क्या करें और क्या न करें की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन कराया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में अनिवार्य रूप से घड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और घड़ी का समय सही से मिलान कर लिया जाए ताकि परीक्षार्थियों को समय देखने में किसी प्रकार की समस्या न हो। फ्रिस्किंग के दौरान अभ्यर्थियों के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए। यदि किसी विद्यार्थी से कोई त्रुटि हो जाती है या कोई वर्जित सामग्री उसके पास पाई जाती है तो उससे परीक्षा हॉल से अलग ले जाकर कार्रवाई की जाए ताकि अन्य विद्यार्थी प्रभावित न हों।
परीक्षा में बैठने के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में अनाउंसमेंट अवश्य कराया जाए ताकि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित न रह जाए।
दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थी हल्के रंग के कपड़े पहनकर आएं। गहरे काले, गहरे नीले, भूरे या गहरे बैंगनी रंग के वस्त्र वर्जित रहेंगे। जूते पहनकर आना मना है, केवल चप्पल की अनुमति होगी। परीक्षार्थी गहने-जेवर न पहनें और फुल आस्तीन के स्थान पर आधी आस्तीन के कपड़े पहनें।
परीक्षा में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, मोबाइल, हेडफोन या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। परीक्षार्थियों को आधार कार्ड, एपिक या ड्राइविंग लाइसेंस की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य है।
जिले में 11 जून 2026 को आयोजित प्री बी.एड. और प्री नर्सिंग परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्री बी.एड. परीक्षा में 1814 परीक्षार्थी तथा प्री नर्सिंग परीक्षा में 980 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की सुचारू व्यवस्था के लिए एक नोडल अधिकारी, दो सहायक नोडल अधिकारी, केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, प्रशासनिक ऑब्जर्वर, परीक्षा समन्वयक की ओर से ऑब्जर्वर तथा प्रत्येक केंद्र में दो पुलिसकर्मियों सहित 80 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में हर 12 परीक्षार्थियों पर एक इन्विजिलेटर तैनात रहेगा।
प्री बी.एड. परीक्षा केंद्र एवं परीक्षार्थी संख्या
- डीके कॉलेज, बलौदा बाजार – 360
- मिनमाता गर्ल्स कॉलेज, बलौदा बाजार – 360
- स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम शासकीय पं. चक्रपाणी शुक्ल बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदा बाजार – 360
- पं. लक्ष्मी प्रसाद तिवारी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (नया ऑडिटोरियम), बलौदा बाजार – 240
- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदा बाजार – 240
- गुरुकुल इंग्लिश मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदा बाजार – 254
प्री नर्सिंग परीक्षा केंद्र एवं परीक्षार्थी संख्या
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रिसदा – 300
- शासकीय हाई स्कूल, सकरी – 180
- अम्बुजा विद्यापीठ, रवान – 360
- शासकीय जी.एन.ए. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा – 140



