अपराधछत्तीसगढ़रायपुर

ट्रेन में सोए यात्री का बैग लेकर फरार हुए चोर: 45 हजार का सामान पार, महिला का मंगलसूत्र भी उड़ा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन और एक एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में महिला यात्री का करीब 30 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया, जबकि दूसरे मामले में बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री का बैग पार कर दिया गया। दोनों मामलों में जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना में चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई बरैठ (48) ने जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार को वह अपनी बेटी के साथ अकलतरा जाने के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन आने पर दोनों जनरल कोच में सवार हुईं, जहां काफी भीड़ थी।

यात्रा के दौरान जब उन्होंने अपने गले में हाथ लगाया तो उनका मंगलसूत्र गायब मिला। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने करीब 4 ग्राम वजनी और लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। पीड़िता के अनुसार मंगलसूत्र 15 से 20 साल पुराना था। घटना के बाद उन्होंने जीआरपी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

वहीं दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में हुई। ओडिशा के सिंदरिया गांव निवासी शेख इमामुद्दीन (34) ने शिकायत में बताया कि वह भुवनेश्वर से बिलासपुर जाने के लिए ट्रेन के बी-1 कोच की सीट नंबर-18 पर सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग टेबल के नीचे रख दिया था और सो गए।

सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उनकी नींद खुली तो बैग गायब था। उस समय ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि बैग में लैपटॉप, पर्स, दो क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित करीब 45 हजार रुपये का सामान रखा हुआ था, जिसे अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया।

GRP थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों मामलों की विवेचना जारी है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button