छत्तीसगढ़
Trending

जशपुर विकास कार्यों की समीक्षा: अंकित आनंद ने अफसरों को चेताया—जनकल्याण योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए

रायपुर, 9 जून 2026 / जशपुर
जशपुर जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, कृषि, पेयजल, आवास, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


सुशासन तिहार और राजस्व कार्यों की समीक्षा

प्रभारी सचिव ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गंभीर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व विभाग को सभी प्रकरणों का ऑनलाइन पंजीयन एवं अद्यतन रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


आवास और पेयजल योजनाओं पर निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही पीएम जनमन योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों और निविदा प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा भूजल स्तर कम वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा

उन्होंने जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरीय चिकित्सालय, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज सहित अन्य संस्थानों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग को पाठ्यपुस्तक एवं यूनिफॉर्म वितरण समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने खरीफ-रबी फसल रकबा, खाद-बीज उपलब्धता और भंडारण की जानकारी ली।
उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन, तिलहन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

साथ ही बैंक और सहकारिता विभाग को समन्वय कर किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


राशन, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजनाएं

खाद्य विभाग की समीक्षा में राशन कार्ड नवीनीकरण, नए कार्ड स्वीकृति और खाद्यान्न वितरण की स्थिति देखी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग से महतारी वंदन योजना, ई-केवाईसी, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना एवं आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई।

समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया गया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं असहाय हितग्राहियों की पहचान कर घर पहुंच पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा सहायक उपकरण प्राथमिकता से उपलब्ध कराए जाएं।


जिले में विकास कार्यों की प्रगति

कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित 35 शिविरों में 15,846 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11,205 का निराकरण किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 1,12,618 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 93,506 पूर्ण हो चुके हैं।


मनरेगा और जल संरक्षण कार्य

जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मनरेगा मजदूरी भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है
जिले में अमृत सरोवर, वाटर रिचार्ज, डबरी निर्माण, सोक पिट और पारंपरिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार कार्य तेजी से चल रहा है।


बैठक में विभिन्न विभागों—मनरेगा, ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, क्रेडा सहित सभी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button