
रायपुर, 8 जून 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी पहचान है, जिसे सभी को बनाए रखना चाहिए। वे किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बने भव्य तैलीय सदन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि किरंदुल में बना यह साहू समाज का भवन प्रदेश का सबसे भव्य भवन है, जिसका अधिक से अधिक उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि साहू समाज सभी समाजों के साथ मिलकर चलने वाला और तेजी से आगे बढ़ने वाला समाज है।
उन्होंने आगे कहा कि भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं की बढ़ती भागीदारी और विभिन्न क्षेत्रों में समाज की प्रगति की सराहना की।
छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने कहा कि पारंपरिक तेल व्यवसाय को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है और सरकार की 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ लेकर समाज आत्मनिर्भर बन सकता है।
विधायक चैतराम अटामी ने समाज की सक्रियता की सराहना करते हुए शैक्षणिक कार्य के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए लालाराम साहू को समाजरत्न सम्मान और कलाकार कामता राम कोर्राम को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



