9 जून को मंत्रिपरिषद की बैठक: कर्मचारियों के लिए खुशखबरी संभव, कैशलेस उपचार योजना पर लग सकती है मुहर

रायपुर, 08 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक 9 जून को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य के 5 लाख से अधिक शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए लंबे समय से लंबित कैशलेस चिकित्सा योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। इस योजना के लागू होने से कर्मचारियों को उपचार के लिए नगद भुगतान की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके अलावा, प्रदेश में बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर नीति पर भी मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। नई स्थानांतरण नीति को लेकर कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। बैठक के बाद लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।



