
बिलासपुर, 05 जून 2026। कोटा क्षेत्र के पथर्रा गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की पहले आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना कथित प्रेम-प्रसंग और चरित्र शंका के चलते अंजाम दी गई बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था। बीती रात वह अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठकर शराब पी रहा था, तभी बाइक सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवारों में से एक को देखकर निखिल ने उसे नाम लेकर आवाज दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने अचानक हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले निखिल की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका, जिससे वह कुछ समझ नहीं पाया। इसी बीच उसके साथी मौके से फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने पास पड़े भारी पत्थर से निखिल के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से निखिल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह सहित कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के भाई के अनुसार आरोपी भोला मानिकपुरी की पत्नी और निखिल के बीच कथित प्रेम संबंध थे, जिसके चलते पुराना विवाद चल रहा था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।



