पंडरिया में विकास को मिली नई रफ्तार : विधायक भावना बोहरा ने 2.38 करोड़ के विद्युत उपकेंद्र का किया शुभारंभ

पंडरिया, 4 जून 2026
सेवा, सुविधा और विकास के संकल्प के साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज ग्राम उड़ियाखुर्द (कारेसरा) में क्षेत्रवासियों की एक और बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए 2 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपए की लागत से निर्मित नवीन 33/11 के.व्ही. विद्युत उप केंद्र का लोकार्पण किया। भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों से जनता को मिली इस सुविधा से क्षेत्रवासियों में हर्ष दिखाई दिया। इस नवीन विद्युत उप केंद्र की स्थापना से कारेसरा, उड़ियाखुर्द, उड़ियाकला, दनिया, बनिया, बिरनपुर, बुधवारा, खपरी, सलिहा एवं बचेड़ी सहित आसपास के ग्रामों के 1300 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान होगा, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अब तक पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 5 विद्युत उप केंद्र की स्थापना की स्वीकृति मिली है, जिसके अंतर्गत 2 करोड़ 39 लाख की लागत से ग्राम बिरनपुर (गांगपुर) तथा 2 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपए की लागत से उड़ियाखुर्द (कारेसरा) विद्युत उप केंद्र का लोकार्पण किया जा चुका है। वहीं ग्राम पौनी में 1 करोड़ 13 लाख 29 हजार, ग्राम कोयलारीडीह में 1 करोड़ 99 लाख 6 हजार एवं ग्राम भुवालपुर में 1 करोड़ 16 लाख 59 हजार की लागत से विद्युत उप केंद्र निर्माणाधीन हैं, जो जल्द ही पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों को लाभ पहुंचाएंगे। इसके साथ ही पांडातराई को नवीन उप संभाग बनाया गया है।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में विकास की रोशनी हर घर और गांव तक पहुंच रही है। भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बिजली, सड़क, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को सुदृढ़ कर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। नवीन विद्युत उप केंद्र के प्रारंभ होने से अन्य उप केंद्रों पर भार एवं दबाव भी कम होगा, जिससे क्षेत्र में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं में कमी आएगी। इसका प्रत्यक्ष लाभ कृषि कार्यों, सिंचाई व्यवस्था तथा घरेलू उपयोगकर्ताओं को मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने आगे कहा कि इस भीषण गर्मी में किसी भी प्रकार के विद्युत अवरोध के कारण जनता को परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रांसफार्मर में खराबी, उसके विस्थापन जैसी शिकायतों और जल संकट को देखते हुए बोर खनन जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। अधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करें।
पंडरिया विधानसभा में जनता की मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़कों का निर्माण, पेयजल योजनाओं का विस्तार, विद्युत आपूर्ति में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं का उन्नयन और शिक्षा संस्थानों के विकास जैसे अनेक कार्यों को गति मिली है। वहीं प्रशासनिक सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार हो रहा है। हमारा उद्देश्य पंडरिया विधानसभा को विकसित एवं सर्वसुविधायुक्त बनाना है, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले।
भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से पंडरिया विधानसभा में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। वर्षों से लंबित परियोजनाएं, विकास कार्य और जनता की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही विकास एवं अधोसंरचना निर्माण के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
हाल ही में नगर पालिका पंडरिया को राज्य सरकार द्वारा मिनी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आदर्श शहर समृद्धि योजना में शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत नगर में सड़क, नाली, पेयजल, ट्रांसपोर्ट, पार्क, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ई-गवर्नेंस, स्मार्ट ट्रैफिक, सुरक्षा, सोलर एनर्जी, जल संरक्षण और शिकायत निवारण प्रणाली विकसित की जाएगी।
वहीं पंडरिया विधानसभा में 1000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली है, जिनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं और कई पूर्णता की ओर हैं। जनता को सुविधाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले, यही हमारा लक्ष्य है। निरंतर विकास कार्यों की स्वीकृति, जनता की आकांक्षाओं अनुरूप कार्यों का क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता के साथ उच्च गुणवत्ता वाले अधोसंरचना निर्माण कार्यों से आज पंडरिया विधानसभा की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में दुर्गा सिंह, रोशन दुबे, राघवेंद्र वर्मा, नरेश साहू, राजेंद्र साहू, सुदर्शन कुम्भकार, दारा सिंह राजपूत, धरमपाल कौशिक, बसंत बोहरा, पिंटू सिंह, राजू पारख, टीकम साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



