छत्तीसगढ़

पंडरिया में नालंदा परिसर को मंजूरी: भावना बोहरा की पहल पर 4.41 करोड़ की सौगात, छात्रों में खुशी की लहर

पंडरिया, 03 जून 2026

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण अंचलों के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सुविधा के लिए विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पंडरिया नगर में 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी की स्थापना हेतु ₹4 करोड़ 41 लाख 49 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। यह परिसर विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा। 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी के निर्माण से पंडरिया क्षेत्र के विद्यार्थियों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आधुनिक पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन संसाधन, वाई-फाई, समाचार-पत्र एवं शांत वातावरण में अध्ययन जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

पंडरिया नगर में नालंदा परिसर की स्थापना हेतु प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सशक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नालंदा परिसर की स्थापना पंडरिया क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगी। यह केवल एक पुस्तकालय नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।

यह परिसर “विकसित पंडरिया, शिक्षित पंडरिया” के लक्ष्य को नई गति देगा। पंडरिया विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। नालंदा परिसर के निर्माण से ऐसे विद्यार्थियों को अब अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन की सुविधाएं प्राप्त होंगी।

उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा के युवाओं और बेटियों की उचित शिक्षा एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधानसभा की बेटियां जो आवागमन सुविधा की कमी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थीं, उनकी समस्या को देखते हुए 8 निःशुल्क बस सेवा का संचालन किया जा रहा है, जिसमें वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर व कुंडा में आगामी सत्र से बसों का संचालन शुरू होगा। इस बस सेवा से आज 1000 से अधिक बेटियां लाभान्वित हो रही हैं।

इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए “लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग” की शुरुआत की गई है, जहां लगभग 250 बच्चों को CGPSC, NEET एवं IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।

आज प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, सड़क, बिजली, पानी जैसे विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इससे पंडरिया विधानसभा अब एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित हो रहा है।

भावना बोहरा ने आगे कहा कि इस परिसर में विद्यार्थियों के लिए समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक अध्ययन कक्ष, शांत एवं अनुशासित वातावरण, डिजिटल शिक्षण संसाधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने में शिक्षा और युवा सशक्तिकरण महत्वपूर्ण आधार हैं। यह परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।

इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण मिलेगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button