महासमुंद में 3 करोड़ का गांजा जब्त: मशीनरी सामान के बीच छिपाकर महाराष्ट्र भेजा जा रहा था, तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद/पिथौरा। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 600 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तस्कर इसे ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहा था और कंपनी के मशीनरी सामान के बीच छिपाकर परिवहन कर रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा माजदा वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर महाराष्ट्र भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना पुलिस और ANTF टीम ने मुरमुरी चौक में वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में मशीनरी सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों से 600 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से महाराष्ट्र के अंबरनाथ निवासी महबूब बादशाह (65 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लाकर ठाणे (महाराष्ट्र) में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल टाटा माजदा वाहन भी जब्त किया है।
जब्त गांजा और अन्य सामानों की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेकपोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



