पत्नी की मौत से टूटा पति: फंदे पर झूल गई नवविवाहिता, पति ने भी की सुसाइड की कोशिश

धमतरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसपारा वार्ड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 21 वर्षीय नवविवाहिता दुर्गा यादव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही पति पुरुषोत्तम यादव गहरे सदमे में आ गया और उसने भी आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि आसपास के लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा यादव की शादी करीब दो वर्ष पहले रायपुर जिले के परखंदा गांव से धमतरी निवासी पुरुषोत्तम यादव के साथ हुई थी। शनिवार को उसने अपने घर की खिड़की में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और इलाके में हड़कंप मच गया।
पत्नी की मौत से टूटे पति ने भी उसी फंदे के सहारे जान देने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते उसे देख लिया और बचा लिया। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के आत्महत्या करने के पीछे शारीरिक समस्या की बात सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति, परिवारजन, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय हेल्पलाइन से तुरंत सहायता लें। मदद उपलब्ध है।



