छत्तीसगढ़बिलासपुर

व्यापार विहार में धधका तेल गोदाम: आग की लपटों से मची अफरा-तफरी, दीवार तोड़कर पहुंची फायर टीम

बिलासपुर, 30 मई 2026। व्यापार विहार स्थित चौधरी एजेंसी के खाद्य तेल गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का भंडारण और पैकेजिंग कार्य होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए 6 फायर ब्रिगेड वाहनों को घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। करीब 6 घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे गोदाम से धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया और जेसीबी की मदद से गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया गया।

बताया जा रहा है कि गोदाम के भीतर खाद्य तेल से भरे तीन बड़े ऑयल टैंक मौजूद थे, जिनकी वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

गोदाम संचालक नमिष कुमार अग्रवाल ने दावा किया कि परिसर में करीब 2 करोड़ रुपए का माल रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि गोदाम के लिए आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेज उपलब्ध हैं तथा पूरे मामले में प्रशासन को सहयोग किया जा रहा है।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि गोदाम निर्माण, तेल भंडारण और पैकेजिंग कार्य के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं या नहीं, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। वहीं व्यापार विहार के व्यापारियों ने घटना के बाद क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग उठाई है।

इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों लीटर खाद्य तेल और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। प्रशासन अब आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच में जुट गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button