आधी रात रेत खदान पहुंचीं विधायक सावित्री मंडावी, अवैध उत्खनन पर धरना; 14 वाहन मिले, कार्रवाई में देरी पर प्रशासन घिरा

कांकेर, 30 मई 2026। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी शुक्रवार देर रात बेलवापानी रेत खदान पहुंच गईं। अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ उन्होंने खदान परिसर में धरना देते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों से भी मशीनों के जरिए रेत निकाले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि उत्खनन कार्य में भारी मशीनों का उपयोग कर नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी की जा रही थी।
शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी स्वयं मौके पर पहुंचीं और खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने दावा किया कि स्थल पर करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन मौजूद थी। विधायक ने इन वाहनों और मशीनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि विधायक शाम करीब 7 बजे खदान पहुंची थीं, लेकिन प्रशासनिक टीम देर रात लगभग 1 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद संबंधित मशीन को सील करने की कार्रवाई की गई।
विधायक ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर थाना घेराव किया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।



