सड़क किनारे पड़ा मिला लाखों का बैग: पत्रकार की ईमानदारी देख बेमेतरा में हो रही जमकर तारीफ

बेमेतरा। जिले में ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी और वरिष्ठ पत्रकार आनंद साहू ने सड़क पर लावारिस हालत में मिले लाखों रुपये के जेवर और नगदी से भरे बैग को पूरी ईमानदारी के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद पूरे जिले में उनकी सराहना हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, आनंद साहू रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान शहर के सिग्नल चौक स्थित एक दुकान के पास उन्हें काले रंग का एक बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। शक होने पर उन्होंने बैग खोलकर देखा, जिसमें सोने के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
आनंद साहू ने बिना किसी देर किए बैग को बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि बैग ग्राम अमोरा निवासी ज्वेलरी निर्माता विजय कुमार सोनी का था।
बताया जा रहा है कि विजय कुमार सोनी रात में दुकान बंद करने के बाद अपने भाई के पास गए थे। इसी दौरान रास्ते में उनका बैग गिर गया था। बैग में करीब 20 तोला सोना और 40 हजार रुपये नगद मौजूद थे। बैग सुरक्षित मिलने की खबर के बाद ज्वेलरी व्यवसायी और उनके परिवार ने राहत की सांस ली।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद आनंद साहू की ईमानदारी की जिलेभर में चर्चा हो रही है। लोग इसे आज के दौर में मानवता, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायक मिसाल बता रहे हैं।



