
सीतापुर में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट मामले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो मुश्किलों में घिर गए हैं। पुलिस ने विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज की है। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने राजापुर चौराहे पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और जमीन पर गिराकर हमला किया।
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम रजा, पंकज गुप्ता सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि घटना सबके सामने हुई और सरकारी अधिकारी के साथ अभद्रता की गई।
बताया जा रहा है कि विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर सीमा धनकी की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ भी जमानती धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला ने जातिगत गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।



